हिंदी दिवस : शब्दों में संवेदना, अभिव्यक्ति में आत्मविश्वास
“उत्सव हिंदी का, लक्ष्य उत्कृष्टता का, हर शब्द बने परीक्षा में सफलता का आधार।”

14 सितंबर, 2026 को हिंदी दिवस के अवसर पर महावीर सीनियर मॉडल स्कूल के हिंदी-संस्कृत विभाग द्वारा प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च-माध्यमिक कक्षाओं में विविध रचनात्मक, कौशल-आधारित एवं योग्यता-विस्तार गतिविधियों का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य हिंदी के प्रति आत्मीयता विकसित करने के साथ विद्यार्थियों के पाठ-बोध, शब्द-ज्ञान, तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता, लेखन-कौशल एवं प्रभावी अभिव्यक्ति को परीक्षा की दृष्टि से सुदृढ़ करना रहा।
प्राथमिक स्तर पर कहानी-वाचन, चित्र-आधारित शब्द-पहचान, शब्द-पहेली, शब्द-निर्माण, मुहावरा-अभ्यास एवं वाक्य-निर्माण के माध्यम से भाषा-अधिगम को सहज एवं आनंदपूर्ण बनाया गया। माध्यमिक स्तर पर ‘हिंदी बोलो तो जानें’, त्वरित प्रश्नोत्तरी, पहेली, मुहावरा-पहचान, शब्द-ज्ञान एवं मौखिक अभिव्यक्ति के साथ ‘हिंदी की पाठशाला’ में पात्र-अभिनय, संवाद-अभिनय एवं भावपूर्ण कविता-वाचन प्रस्तुत किए गए।उच्च-माध्यमिक विद्यार्थियों ने पाठ्यक्रम-आधारित प्रश्नोत्तरी, कौन-सा पात्र/कथन किस पाठ का ? तथा योग्यता-आधारित प्रश्नों के माध्यम से समझ, विश्लेषण, तर्क एवं सुसंगठित उत्तर-लेखन का अभ्यास किया। ‘भाषा-सम्मान से परीक्षा-सफलता तक’ गतिविधि एवं परीक्षा-मंत्र ने विद्यार्थियों को शुद्ध भाषा-प्रयोग, नियमित अभ्यास, समय-प्रबंधन एवं प्रभावी उत्तर-लेखन के लिए प्रेरित किया। इस प्रकार हिंदी दिवस पुस्तक से जीवन, पाठ से प्रश्न और परीक्षा से अभिव्यक्ति तक विद्यार्थियों की भाषिक यात्रा को उत्कृष्टता की सशक्त आवाज़ में रूपांतरित करने वाला सार्थक अवसर बना।